Birsa Times

गिरिडीह: जमुआ के तीनमहुआ में तनाव: तोड़फोड़ के बाद भारी पुलिस बल तैनात

गिरिडीह: जमुआ के तीनमहुआ में तनाव: तोड़फोड़ के बाद भारी पुलिस बल तैनात

​गिरिडीह। जिले के जमुआ प्रखंड के तीनमहुआ गांव में बुधवार शाम को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब असामाजिक तत्वों द्वारा स्थानीय मस्जिद में तोड़फोड़ की गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला व स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया। फिलहाल पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। देर शाम तक प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। ​घटनास्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम, एसडीपीओ, बीडीओ, सीओ, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने लाया है। ​क्या है पूरा मामला, बताया जाता है कि बीते 29 मई को तीनमहुआ गांव में एक प्रतिबंधित पशु का कटा हुआ सिर मिला था। इस घटना के बाद से ही बहुसंख्यक समाज के लोगों में गहरा आक्रोश था और वे प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। ​कयास लगाया जा रहा है कि घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा किसी ठोस कार्रवाई या गिरफ्तारी न होने के कारण लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ रहा था। ​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बड़ी संख्या में लोग अचानक तीनमहुआ गांव में इकट्ठा हुए। इसके बाद भीड़ ने मस्जिद पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे मस्जिद की खिड़कियों के शीशे और लाउडस्पीकर आदि टूट गए। घटना को अंजाम देने के बाद भीड़ वहां से तितर-बितर हो गई। ​घटना के तुरंत बाद पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और उपद्रवियों को खदेड़ा। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *