पढ़ाई की उम्र में हथियार और नशे से दूर रहें, भविष्य संवारें” – एसडीपीओ प्रशांत कुमार
आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
छतरपुर,पलामू। पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सरसोत गांव में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गुरुवार (11 जून 2026) को गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष छापेमारी दल ने कार्रवाई कर अभियुक्त के पास से दो देसी कट्टा बरामद किया।पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत अभय कुमार उर्फ अभय राज उर्फ लड्डू (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पूछताछ एवं उसकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से अवैध हथियार बरामद किए। बरामदगी के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में हरिहरगंज थाना कांड संख्या 105/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A/26 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में अभियुक्त का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। बावजूद इसके अवैध हथियार रखने के मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच जारी है। युवाओं के लिए खास संदेश छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर युवाओं से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि आजकल कई युवा पढ़ाई की उम्र में नशे, दिखावे और गलत संगत के कारण अपने भविष्य को खतरे में डाल रहे हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने, कानून का पालन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में जुटने की अपील की। छापेमारी दल में शामिल अधिकारी एवं जवान
पु०अ०नि० कुमार सौरभ, स०अ०नि० धर्मेंद्र कुमार सिंह (पैथर पिकेट प्रभारी), हवलदार हेमंत भेंगरा, आरक्षी लाल बाबू यादव, आरक्षी अशोक यादव, आरक्षी रमेश उरांव, आरक्षी प्रीतम कुमार जायसवाल, आरक्षी गणेश साह, चालक आरक्षी सुधीर प्रकाश एवं सहायक पुलिस राजेंद्र कुमार यादव शामिल थे। पुलिस का संदेश साफ अवैध हथियार रखने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, युवाओं को शिक्षा और सकारात्मक दिशा की ओर बढ़ने की जरूरत है।
