-आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा
-स्थानीय लोगों व राहगीरों ने प्रशासन से सड़क से बालू-गिट्टी हटवाने की लगाई गुहार
दिग्घी/बरहरवा: दिग्घी से बरहरवा जाने वाले मुख्य मार्ग पर मकान निर्माण सामग्री का अवैध जमावड़ा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। सड़क किनारे धड़ल्ले से गिराए जा रहे बालू, गिट्टी और ईंटों के कारण रास्ता संकरा हो गया है, जिससे रोजाना आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। रविवार को सड़क पर फैली इसी बालू के कारण एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक सवार सड़क पर बिखरी बालू में अनियंत्रित होकर फिसल गया और आगे साइकिल से जा रहे एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार वृद्ध और बाइक चालक दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत पास के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गनीमत रही कि पीछे से कोई भारी वाहन नहीं आ रहा था, वरना बड़ा अनहोनी हो सकती थी।
प्रशासनिक अनदेखी से बढ़ा खतरा
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि लोग अपने निजी मकान निर्माण की धुन में आम जनता की सुरक्षा को पूरी तरह भूल चुके हैं। सड़क पर ही गिट्टी, बालू, सीमेंट और ईंटें डंप कर दी जाती हैं, जिससे अंधेरे में या तेज मोड़ पर वाहनों के अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है। शिकायत के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
अतिक्रमण हटाने की मांग
हादसे के बाद वाहन चालकों और क्षेत्रवासियों में गहरा रोष है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से मामले को तुरंत संज्ञान में लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मार्ग के किनारे फैली सभी निर्माण सामग्रियों को अविलंब जब्त कर हटाया जाए और सड़क पर सामग्री डंप करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

