Skip to main content

Birsa Times

30 नवंबर को होनी थी शादी, घर में फंदे से लटका मिला काजल का शव

30 नवंबर को होनी थी शादी, घर में फंदे से लटका मिला काजल का शव

-मांडर के मलती सदान टोला की घटना, मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
मांडर। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की खुशियां मनायी जानी थीं, वहां मातम पसर गया। मांडर थाना क्षेत्र के मलती सदान टोला में शनिवार को काजल कुमारी (पुत्री रमेश चौरसिया) का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। काजल की शादी 30 नवंबर को तय थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

-दादी की आवाज पर नहीं मिला जवाब
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे काजल घर में अपनी दादी के साथ थी। उसके पिता किसी काम से रांची गये थे, जबकि मां आंगनबाड़ी केंद्र गयी हुई थीं। इसी दौरान रसोई में खाना जलने लगा। दादी ने काजल को आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दादी ने पड़ोसियों को बुलाया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर लोग घर के अंदर पहुंचे। वहां काजल छप्पर की लकड़ी से साड़ी के सहारे लटकी मिली।

-अस्पताल ले गये परिजन, चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
परिजन आनन-फानन में काजल को मांडर स्थित एक निजी अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता रमेश चौरसिया गहरे सदमे में हैं।

तीन भाई-बहनों में काजल सबसे बड़ी थी। इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह घर पर रह रही थी। परिवार ने उसकी शादी 30 नवंबर को तय की थी। शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

-पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर मांडर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। फिलहाल काजल की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *