
धनबाद: झारखंड के धनबाद स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-आईएसएम) में शनिवार सुबह एक फाइनल ईयर के छात्र की मौत से संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया। मृत छात्र की पहचान प्रतीक राजकुमार के रूप में हुई है। वह पेट्रोलियम इंजीनियरिंग विभाग में अंतिम वर्ष का छात्र था और महाराष्ट्र के अहमदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।
हॉस्टल के बाहर मिला छात्र का शव
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह एक्वामरीन हॉस्टल के बाहर छात्र का शव मिला। यह हॉस्टल 15 मंजिला है। घटना के बाद आनन-फानन में छात्र को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही संस्थान प्रबंधन और सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। छात्र के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। मामले से पुलिस को अवगत करा दिया गया है।

आठवीं मंजिल से गिरने की बात आई सामने
आईआईटी-आईएसएम के सिक्योरिटी इंचार्ज राम मनोहर सिंह के अनुसार, छात्र की मौत आठवीं मंजिल से गिरने के कारण हुई है। शुरुआती जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, छात्र की मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
माता-पिता को व्हाट्सएप पर भेजा था संदेश
सुरक्षा प्रभारी के मुताबिक, घटना से पहले छात्र ने अपने माता-पिता को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर माफी मांगी थी। बताया गया है कि उसने व्हाट्सएप पर एक कथित सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें माता-पिता से माफी मांगने की बात सामने आई है।
फिलहाल, घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
