Skip to main content

Birsa Times

CJI सूर्यकांत का 2 नवंबर को झारखंड दौरा, देवघर में बाबा बैद्यनाथ के करेंगे दर्शन, रांची हाईकोर्ट में डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन

CJI सूर्यकांत का 2 नवंबर को झारखंड दौरा, देवघर में बाबा बैद्यनाथ के करेंगे दर्शन, रांची हाईकोर्ट में डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन

रांची/देवघर: भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत 2 नवंबर 2026 को झारखंड के दौरे पर आएंगे। इस दौरान उनका देवघर और रांची में कार्यक्रम प्रस्तावित है। देवघर में वह बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, रांची स्थित झारखंड हाईकोर्ट में नए डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे।

देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत 2 नवंबर को शाम करीब 4 बजे देवघर पहुंचेंगे। यहां वह विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर में शामिल होंगे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और न्यायिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता की सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

झारखंड हाईकोर्ट में डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन

देवघर के कार्यक्रम के बाद जस्टिस सूर्यकांत रांची पहुंचेंगे। यहां 2 नवंबर की शाम 7:30 बजे झारखंड हाईकोर्ट परिसर में नए डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट के कई न्यायाधीश मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम में झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक, जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी, सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस अपरेश कुमार सिंह और जस्टिस एस. चंद्रशेखर भी शामिल होंगे।

कई डिजिटल सेवाओं और सॉफ्टवेयर की होगी शुरुआत

उद्घाटन समारोह के दौरान झारखंड हाईकोर्ट की कई डिजिटल सेवाओं और सॉफ्टवेयर का भी शुभारंभ किया जाएगा। इसका उद्देश्य अदालत की न्यायिक और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को तकनीक के माध्यम से अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बनाना है।

कार्यक्रम में सबसे पहले जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी स्वागत भाषण देंगे। इसके बाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक और अन्य न्यायाधीश संबोधित करेंगे। डिजिटल सेवाओं के शुभारंभ के बाद CJI सूर्यकांत मुख्य संबोधन देंगे। अंत में जस्टिस आनंद सेन धन्यवाद ज्ञापन करेंगे और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन होगा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

CJI के देवघर दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। बाबा बैद्यनाथ मंदिर से लेकर व्यवहार न्यायालय परिसर तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *