Skip to main content

Birsa Times

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मचाया तांडव, दर्जनभर लोगों को रौंदा

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मचाया तांडव, दर्जनभर लोगों को रौंदा

-केंदुआ-बिशनपुर चौक से पतना चौक तक मची अफरातफरी, कई राहगीर व दुकानदार घायल; आक्रोशित भीड़ ने चालक समेत दो को पीटा, वाहन में तोड़फोड़
आदिवासी एक्सप्रेस पतना प्रतिनिधि
पतना।
रांगा थाना क्षेत्र के केंदुआ-बिशनपुर चौक पर बुधवार शाम एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने नियंत्रण खोकर सड़क किनारे मौजूद लोगों और दुकानदारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बिशनपुर निवासी 79 वर्षीय मौलवी महासेन, 56 वर्षीय मोहम्मद मन्नान अली समेत कई राहगीर व दुकानदार घायल हो गए। घटना के दौरान सड़क किनारे खड़ी कुछ बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले रंग की स्कॉर्पियो संख्या जेएच 15 एक्यू 5288 हिरणपुर की ओर से काफी तेज गति से आ रही थी। केंदुआ-बिशनपुर चौक के समीप अचानक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बेकाबू स्कॉर्पियो सड़क किनारे मौजूद लोगों और दुकानों की ओर जा घुसी। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे, जबकि कई लोग वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए।

ग्रामीणों ने किया पीछा, पतना चौक पर भी मारी टक्कर
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और दुकानदारों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने स्कॉर्पियो का पीछा शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पीछे से ग्रामीणों को आते देख चालक ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी। भागने के दौरान पतना चौक के समीप भी स्कॉर्पियो ने कई बाइक और लोगों को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान करीब आधा दर्जन बाइक क्षतिग्रस्त हुई हैं।

लगातार टक्कर मारते हुए भाग रही स्कॉर्पियो को आखिरकार पतना चौक के समीप ग्रामीणों ने घेरकर रोक लिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने वाहन में सवार दो लोगों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। भीड़ ने स्कॉर्पियो में भी तोड़फोड़ की।

दो लोगों को पकड़ा, एक घायल
ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए दोनों व्यक्तियों की पहचान उधवा निवासी सुमन दास, पिता भारत दास तथा मोहम्मद शहबाज आलम के रूप में बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुमन दास ही उक्त स्कॉर्पियो के मालिक बताए जा रहे हैं। भीड़ की पिटाई में घायल सुमन दास का इलाज बरहड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो का पंजीकरण देवघर निवासी भरत कुमार दास के नाम से है। वाहन का रजिस्ट्रेशन इसी वर्ष अप्रैल में कराया गया था। वाहन के स्वामित्व और उसमें सवार लोगों की भूमिका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे में घायल लोगों की वास्तविक संख्या, दुर्घटना के कारण और वाहन की रफ्तार समेत अन्य बिंदुओं का सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि स्कॉर्पियो चालक ने किस परिस्थिति में वाहन से नियंत्रण खोया और हादसे के बाद वाहन को रोकने के बजाय लगातार आगे क्यों बढ़ाया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *