संवाददाता/राँची जिला ब्यूरो/दिव्य दिनकर न्यूज
राँची। पिठौरिया थाना क्षेत्र के केला बगान के समीप बुधवार शाम करीब 7:30 बजे हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान माहिरा कुमारी (7 वर्ष), पिता अमित प्रजापति, निवासी केला बगान के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटना में माहिरा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल बच्ची को इलाज के लिए कांके जनरल हॉस्पिटल पहुंचाया। बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बच्ची को मेदांता अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां भी चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगे के इलाज के लिए रानी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन बच्ची को रानी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद बाइक छोड़कर फरार हुआ चालक
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद बाइक चालक घटनास्थल पर ही बाइक JH07G-1360 छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पिठौरिया पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस बाइक के आधार पर चालक की पहचान करने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। वहीं घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
