आदिवासी एक्सप्रेस/ पप्पू यादव
नौडीहा बाजार,पलामू। जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के चराई-2 पंचायत अंतर्गत खड़ार गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नशे की हालत में तेज रफ्तार बाइक चला रहे युवक ने अपना संतुलन खो दिया और बाइक अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ में जा टकराई।
बताया जा रहा है कि एक ही बाइक पर चार युवक सवार थे। सभी युवक अपने रिश्तेदार के यहां खड़ार पर आए हुए थे और अपना घर लौट रहे थे। इसी दौरान खड़ार के पास यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में बाइक पर सवार एक युवक 28 वर्षीय जोगेश भुइया, पिता शंभू भुइया गांव नेवरीवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक और घायलों में दो युवक खड़ार, चराई-2 के निवासी हैं, जबकि दो युवक नेवरीबार गांव के थे जिसमें एक की घटनास्थल पर मौत हो गई है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना नौडीहा बाजार थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नौडीहा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, छतरपुर भेजा गया, जहां एक घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है और आगे की जांच में जुट गई है।
