संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बालूमाथ थाना पुलिस वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों के बीच सतर्कता देखी गई।जानकारी के अनुसार थाना चौक के समीप चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस जवानों ने वहां से गुजरने वाले कई वाहनों को रोककर चालकों की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने,सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन सवारों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है।इस संबंध में थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस की ओर से लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। विशेष रूप से शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर पुलिस की नजर है। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील किया है कि वे शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।पुलिस का उद्देश्य केवल जांच करना नहीं,बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना भी है। ऐसे में वाहन चालकों को स्वयं सतर्क रहने के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए।
थाना चौक पर देर रात पुलिस का विशेष जांच अभियान, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर रहेगी सख्ती
