-देसी पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद, धमकी मामले में जांच के दौरान पुलिस ने की कार्रवाई
संवाददाता/राँची जिला व्यूरो/दिव्य दिनकर न्यूज
राँची। कांके थाना में गुरुवार, 8 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास हथियार के साथ एक युवक की गिरफ्तारी का खुलासा किया। पुलिस ने उसके साथ दो किशोरों को भी पकड़ा है। गिरफ्तार युवक की पहचान हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हेमंत के पास से 7.65 एमएम की देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बताया गया कि 5 अक्टूबर को मनातू निवासी बबलू नायक ने कांके थाना में आवेदन देकर हेमंत मुंडा समेत अन्य युवकों पर अपने पुत्र को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 7 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास कुछ युवकों के संदिग्ध अवस्था में खड़े होने की सूचना मिली। कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर हेमंत मुंडा और दो किशोरों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान हेमंत के पास से देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने रेडमी नोट प्रो और रेडमी 5 प्रो मोबाइल भी जब्त किया। मामले में कांके थाना कांड संख्या 206/26 के तहत धारा 25(1-बी) ए/26/35 आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने हेमंत मुंडा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दोनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
कांके थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस: संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, दो किशोर भी पकड़े गए
