नौडीहा बाजार (पलामू)। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में डायन प्रथा और ओझा-गुणी के अंधविश्वास के आरोप में 65 वर्षीय सीताराम की हत्या मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी किरण देवी को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के शाहपुर पंचायत अंतर्गत मंगराडिह निवासी किरण देवी (पति लवकुश राम) अपने भाई विवेक कुमार की मौत से आक्रोशित थी। विवेक कुमार की रांची स्थित रिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। भाई की मौत के बाद आक्रोशित किरण देवी ने गांव के निवासी 65 वर्षीय सीताराम पर ओझा-गुणी करने का आरोप लगाते हुए धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
इस मामले में नौडीहा बाजार थाना में नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि अंधविश्वास में लिप्त होकर सीताराम की हत्या की गई। इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अंधविश्वास के खिलाफ जागरूक होने और ऐसी कुरीतियों को रोकने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
