आदिवासी एक्सप्रेस पतना, प्रतिनिधि
रांगा थाना क्षेत्र के पतना चौक स्थित सरकारी शराब दुकान के समीप गुरुवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बतायी जा रही है। सुबह दुकान के समीप शव पड़े होने की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी रांगा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही रांगा थाना के एएसआई ग्रीजल सोरेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेज दिया।
शाम से ही दुकान के पास पड़ा था युवक
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, उक्त युवक बुधवार की शाम से ही सरकारी शराब दुकान के समीप गिरा हुआ था। युवक के नशे में होने की आशंका के कारण ग्रामीणों ने उस पर विशेष ध्यान नहीं दिया। सुबह जब लोगों की नजर उस पर पड़ी तो वह मृत अवस्था में मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पहचान में जुटी पुलिस
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस युवक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से भी संपर्क कर रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक कहां का रहने वाला था और वह पतना चौक स्थित शराब दुकान के पास कैसे पहुंचा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

