मोहनपुर मोड़ के समीप हुआ हादसा, हाइवा चालक वाहन लेकर फरार; पुलिस जांच में जुटी
सुस्मित तिवारी ,आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो पाकुड़
हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर मोड़ के समीप शुक्रवार की अहले सुबह हुए सड़क हादसे में करीब 60 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ समय तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल में सुरक्षित रखकर पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में मृतक की पहचान करनडांगा निवासी गियासुद्दीन मोमिन के रूप में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे गियासुद्दीन मोमिन मोहनपुर मोड़ के समीप सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे पत्थर लदे एक अज्ञात हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गियासुद्दीन मोमिन का सिर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर पाकुड़ की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर, मृतक की पुत्री सकीना खातून ने बताया कि उनके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह शुक्रवार की सुबह घर से निकले थे। हादसे के बाद जब मृतक की पहचान नहीं हो सकी तो पुलिस की ओर से पहचान के लिए लोगों से मदद की अपील की गई थी। बाद में परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद शव की शिनाख्त गियासुद्दीन मोमिन के रूप में हुई।
हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार हाइवा और उसके चालक का पता लगाने के लिए छानबीन में जुटी है। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ ही फरार हाइवा की तलाश कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

