Skip to main content

Birsa Times

शिकारीपाड़ा में वन विभाग की कार्रवाई, सिमल लकड़ी के 4 बोटे और 3 मोटरसाइकिल जब्त

शिकारीपाड़ा में वन विभाग की कार्रवाई, सिमल लकड़ी के 4 बोटे और 3 मोटरसाइकिल जब्त

नोपहाड़-सराईबिन्धा मार्ग पर गश्त के दौरान कार्रवाई, वन कर्मियों को देखकर मौके से फरार हुए संदिग्ध

ललित कुमार पाल | आदिवासी एक्सप्रेस

शिकारीपाड़ा (दुमका)। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिमल प्रजाति की लकड़ी के चार बोटे और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। यह कार्रवाई नोपहाड़-सराईबिन्धा मार्ग पर गश्त के दौरान की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, कुछ लोग जंगल से लकड़ी काटकर मोटरसाइकिलों के जरिए उसका परिवहन कर रहे थे। इसी दौरान गश्त कर रही वन विभाग की टीम की नजर उन पर पड़ी। वन कर्मियों को देखते ही लकड़ी ले जा रहे संदिग्ध लकड़ी और मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गए।

वन परिसर में रखी गई जब्त लकड़ी और मोटरसाइकिलें

कार्रवाई के बाद वन विभाग की टीम ने सिमल लकड़ी के चार बोटों और तीनों मोटरसाइकिलों को अपने कब्जे में ले लिया। जब्त सामग्री को शिकारीपाड़ा वन परिसर लाया गया है। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

अवैध कटाई और परिवहन पर सख्ती

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगलों की अवैध कटाई और लकड़ी के अनधिकृत परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विभाग के अनुसार, वनों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए गश्त और छापेमारी जारी रहेगी। मामले में फरार संदिग्धों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *