Skip to main content

Birsa Times

झारखंड में 14 से बढ़कर 21 हो सकती हैं लोकसभा की सीटें, केंद्र के प्रस्ताव से बढ़ेगा संसदीय प्रतिनिधित्व, सीएम आज करेंगे मंथन

झारखंड में 14 से बढ़कर 21 हो सकती हैं लोकसभा की सीटें, केंद्र के प्रस्ताव से बढ़ेगा संसदीय प्रतिनिधित्व, सीएम आज करेंगे मंथन

रांची। झारखंड की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद राज्य में लोकसभा और विधानसभा की सीटें बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। प्रस्ताव के मुताबिक झारखंड में लोकसभा की मौजूदा 14 सीटें बढ़कर 21 हो सकती हैं। वहीं, विधानसभा की 81 सीटों की संख्या बढ़कर करीब 122 होने का अनुमान है।

इस बदलाव से राज्य में लोकसभा की सात और विधानसभा की लगभग 41 अतिरिक्त सीटें हो सकती हैं। हालांकि, इसके लिए संसद के दोनों सदनों से संविधान संशोधन विधेयक पारित होना और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है।

आदिवासी प्रतिनिधित्व पर रहेगी खास नजर

झारखंड में परिसीमन की प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण पहलू आदिवासी समुदाय का राजनीतिक प्रतिनिधित्व होगा। वर्तमान में राज्य की 81 विधानसभा सीटों में 28 सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं। वहीं, लोकसभा की 14 सीटों में पांच सीटें एसटी आरक्षित हैं।

सीटों की संख्या बढ़ने के बाद यह देखना अहम होगा कि आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या में कितना इजाफा होता है। इसका निर्धारण जनसंख्या के आंकड़ों और संवैधानिक प्रावधानों के आधार पर किया जाएगा। कोल्हान, संताल परगना और दक्षिणी छोटानागपुर के आदिवासी बहुल क्षेत्रों पर इसका विशेष प्रभाव पड़ सकता है।

महिला प्रतिनिधित्व को मिलेगा अवसर

परिसीमन के साथ महिला आरक्षण को लागू करने की दिशा में भी रास्ता खुल सकता है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। यदि विधानसभा की सीटें बढ़कर करीब 122 होती हैं, तो महिलाओं के लिए लगभग 41 सीटें आरक्षित होने की संभावना बन सकती है। हालांकि, वास्तविक संख्या कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

बदल सकते हैं राजनीतिक समीकरण

सीटों की संख्या बढ़ने से झारखंड में राजनीतिक दलों के सामने नए अवसर और चुनौतियां दोनों होंगी। नए निर्वाचन क्षेत्र बनने से कई इलाकों का राजनीतिक भूगोल बदलेगा। इसका असर झामुमो, कांग्रेस और भाजपा समेत सभी प्रमुख दलों की चुनावी रणनीति पर पड़ सकता है।

फिलहाल कैबिनेट की मंजूरी के बाद प्रस्ताव को संसद की मंजूरी मिलना बाकी है। इसके बाद परिसीमन आयोग निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं और आरक्षण का स्वरूप तय करेगा। ऐसे में झारखंड की राजनीति में संभावित बदलाव को लेकर सभी दलों की नजर संसद के आगामी विशेष सत्र पर टिकी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *