शिकारीपाड़ा /दुमका/ आदिवासी एक्सप्रेस।
शिकारीपाड़ा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की एक बड़ी खेप जब्त करने में सफलता हासिल की है। यह सफलता दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग पर स्थित सरसडंगाल के पास मिली।
मिली जानकारी के अनुसार, तस्करों ने शराब की तस्करी के लिए एक नया और शातिर तरीका अपनाया था। पुलिस को चकमा देने के उद्देश्य से एक ट्रक में सबसे पहले शराब की पेटियां लोड की गई थीं और उनके ऊपर गिट्टी भर दी गई थी ताकि किसी को भी अंदर मौजूद अवैध सामान का अहसास न हो सके। हालांकि, पुलिस को इस बात की सटीक गुप्त सूचना मिल गई, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान गिट्टी हटाते ही नीचे छिपाई गई भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, यह अवैध शराब झारखंड से लोड करके बिहार भेजी जा रही थी। पुलिस ने शराब सहित ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले में संलिप्त लोगों की पहचान तथा आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
दुमका-रामपुरहाट मार्ग पर अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद, गिट्टी के नीचे छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थीं बोतलें
