Skip to main content

Birsa Times

गिरिडीह-देवघर में संयुक्त छापेमारी, अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का खुलासा; 300 लीटर शराब जब्त

गिरिडीह-देवघर में संयुक्त छापेमारी, अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का खुलासा; 300 लीटर शराब जब्त

-अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी
गिरिडीह।
उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अधीक्षक उत्पाद, गिरिडीह के दिशा-निर्देश पर उत्पाद विभाग, गिरिडीह एवं उत्पाद विभाग, देवघर की संयुक्त टीम द्वारा देर रात तक सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान दोनों जिलों के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित ग्राम महादेवडीह, पंचायत उदयपुर, थाना गांडेय निवासी देबू मरांडी के मिट्टी के घर में संचालित अवैध विदेशी शराब निर्माण की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया।

छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब एवं निर्माण सामग्री जब्त
छापेमारी के दौरान घटनास्थल से विभिन्न ब्रांडों की सीलबंद बोतलों में तैयार अवैध विदेशी शराब, ड्रमों में तैयार कर रखी गई लगभग 300 लीटर रंगीन विदेशी शराब, अवैध स्पिरिट, खाली बोतलें, ढक्कन, चिपकाए जाने वाले होलोग्राम, लेबल, कैरामेल सहित शराब निर्माण एवं पैकेजिंग में प्रयुक्त अन्य सामग्रियां जब्त की गईं। प्रथम दृष्टया मामला अवैध रूप से विदेशी शराब के निर्माण एवं पैकेजिंग से संबंधित पाया गया है। मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान एवं अवैध शराब निर्माण से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।

अवैध शराब निर्माण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए जांच जारी
इस मामले में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के उदनाबाद निवासी अभिषेक कुमार की संलिप्तता सामने आई है, जो फिलहाल फरार है। उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने तथा इसके संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। संयुक्त छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद, सदर अंचल, गिरिडीह सुमितेश कुमार; अवर निरीक्षक उत्पाद, बगोदर अंचल महेश कुमार दास; सहायक अवर निरीक्षक, गिरिडीह लक्ष्मण कुमार महतो; उत्पाद विभाग, देवघर के अवर निरीक्षक कांग्रेस कुमार एवं नीलेश कुमार सिन्हा सहित दोनों जिलों के गृहरक्षा वाहिनी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *