द्वितीय विश्व युद्ध के समय का है ‘बम’!
-ग्रामीणों को बीच बना कौतुहल का विषय
बहरागोड़ा। बहरागोड़ा प्रखंड के पानीपड़ा स्वर्णरेखा नदी घाट पर अवैध बालू खनन के दौरान लोहे की भारी-भरकम वस्तु मिलने से पूरे इलाके में दहशत और कौतूहल का माहौल है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि सिलिंडरनुमा यह वस्तु द्वितीय विश्व युद्ध के समय का कोई बम हो सकता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को कुछ ग्रामीण पानीपड़ा घाट पर अवैध बालू का खनन कर रहे थे। इसी दौरान जमीन के काफी नीचे किसी कठोर धातु के टकराने का अहसास हुआ। जब ग्रामीणों ने मिलकर उस जगह की पूरी खुदाई की, तो लोहे की विशालकाय सिलिंडरनुमा वस्तु बाहर निकली। खबर फैलते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी। बुजुर्गों व स्थानीय लोगों ने बताया कि बहरागोड़ा का इतिहास द्वितीय विश्व युद्ध के हवाई अड्डे से जुड़ा रहा है। ऐसे में यह कोई शक्तिशाली बम हो सकता है। फिलहाल ग्रामीणों ने सुरक्षा के लिहाज से उस वस्तु को उसी स्थान पर छोड़ दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रहस्यमयी वस्तु के मिलने की सूचना प्रशासन को दे दी गयी है।

