
-पुलिस मामले की कर रही जांच, तीन लोगों को लिया हिरासत में
गोड्डा। गोड्डा जिला स्थित देवड़ाड थाना क्षेत्र के डांगा विशु टोला गांव में सोमवार देर रात डायन-बिसाही के शक में संताल आदिवासी परिवार के तीन सदस्यों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गयी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मृतकों में दरबारी मुर्मू, उनकी पत्नी मकू बस्की और 13 वर्षीय पुत्र जीतराम मुर्मू शामिल हैं। घटना सोमवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि तीनों घर में सो रहे थे, तभी हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

पहले से ही किया जा रहा था प्रताड़ित:
मृतक की बेटी सुनीता मुर्मू ने बताया कि उसके माता-पिता पर पहले से ही गांव के कुछ लोगों द्वारा डायन-बिसाही का आरोप लगाया जा रहा था। उन्हें लगातार प्रताड़ित भी किया जा रहा था। मामले को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी। वारदात की रात वह अपनी ससुराल में थी और सूचना मिलने पर घर पहुंची।
पुलिस कर रही छानबीन:
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ अशोक रविदास के नेतृत्व में पोड़ैयाहाट और देवड़ाड थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दूसरी तरफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। कुछ लोगों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मामला शांत कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
