Skip to main content

Birsa Times

पूजा पंडाल से घर लौट रही महिला की हत्या का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

पूजा पंडाल से घर लौट रही महिला की हत्या का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

-गहने लूटने के बाद पहचान उजागर होने के डर से गला दबाकर हत्या का आरोप, बाइक, आभूषण और रस्सी बरामद
बिश्रामपुर विधानसभा विशेष प्रतिनिधि/ दीपक यादव
नावाबाजार,(पलामू)।
पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव में पूजा पंडाल से घर लौट रही गीता देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, महिला के गहने लूटने और पहचान उजागर होने के डर से उनकी हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लूटे गए आभूषण और हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी बरामद की गई है। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गीता देवी के पति शशि पासवान ने 20 अक्टूबर 2026 की रात पूजा पंडाल से घर लौटते समय पत्नी के अपहरण होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में नावाबाजार थाना कांड संख्या 66/2026 दर्ज किया गया। अगले दिन 21 अक्टूबर को गीता देवी का शव घर के पास धान के खेत में मिला था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

एसआईटी ने की मामले की जांच
घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पलामू के पुलिस अधीक्षक ने विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने दीपरंजन पांडेय उर्फ छोटू उर्फ कारू समेत चार संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने लाया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में घटना में चारों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

लूटपाट की योजना के दौरान वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के मुताबिक, दुर्गा पूजा की दशमी के दिन पूजा पंडाल देखने के बाद चारों आरोपियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूटपाट की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत 20 अक्टूबर की रात पंडाल से घर लौट रही गीता देवी को अकेला पाकर वे उन्हें खेत की ओर ले गए और उनके आभूषण लूट लिए। पुलिस का दावा है कि महिला द्वारा आरोपियों को पहचान लेने और शोर मचाने पर उन्होंने मारपीट की तथा गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें दीपरंजन पांडेय उर्फ छोटू (22 वर्ष), रोहित पांडेय (24 वर्ष), आकाश शुक्ला उर्फ भूलन शुक्ला (26 वर्ष) और विक्की पासवान उर्फ विकास पासवान (25 वर्ष) शामिल हैं। सभी पलामू जिले के निवासी बताए गए हैं।

दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दीपरंजन पांडेय उर्फ छोटू के खिलाफ नावाबाजार थाने में वर्ष 2023 से 2025 के बीच विभिन्न धाराओं में पांच मामले दर्ज हैं। वहीं, आकाश कुमार शुक्ला के खिलाफ सदर थाने में वर्ष 2026 में आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज होने का उल्लेख है। उसके खिलाफ नावाबाजार थाने में वर्ष 2023 का एक अन्य मामला भी दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *