Skip to main content

Birsa Times

चतरा में मूसलाधार बारिश से परसिया दलित टोला बना टापू, 200 ग्रामीणों का संपर्क कटा

चतरा में मूसलाधार बारिश से परसिया दलित टोला बना टापू, 200 ग्रामीणों का संपर्क कटा

-2-3 फीट पानी में डूबी मुख्य सड़क
-बच्चों की पढ़ाई प्रभावित; बाइक-चारपहिया तक पहुंचना मुश्किल
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा :
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने तरवागडा पंचायत के परसिया दलित टोला के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के बाद टोले की मुख्य सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी जमा हो गया है। करीब 40 घरों में रहने वाले लगभग 200 ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। हालत यह है कि टोले तक बाइक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है, जबकि चारपहिया वाहन भी पानी में फंसने के डर से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।ग्रामीणों के अनुसार टोले के मुख्य रास्ते के पास स्थित आहर बारिश के पानी से लबालब भर गया है। आहर का पानी बढ़ते ही सड़क पर फैल जाता है। फिलहाल पूरी सड़क पानी में डूबी हुई है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम के लिए हंटरगंज प्रखंड मुख्यालय समेत अन्य जगहों तक जाने में परेशानी हो रही है।

बच्चों की पढ़ाई पर भी असर
सड़क पर पानी जमा होने का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी अधिक होने के कारण छोटे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। रास्ता कब साफ होगा, इसका कोई भरोसा नहीं रहता। ऐसे में बारिश के दिनों में बच्चों की पढ़ाई लगातार प्रभावित होती है।

बीमार पड़े तो बढ़ सकती है परेशानी
ग्रामीणों को सबसे ज्यादा चिंता आपात स्थिति को लेकर है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि टोले में कोई अचानक बीमार पड़ जाए या किसी महिला को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़े तो पानी भरे रास्ते के कारण वाहन पहुंचाना मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में मरीज को पानी के बीच से बाहर लाना पड़ सकता है।

हर साल बारिश में बन जाते हैं ‘टापू’
ग्रामीणों का कहना है कि परसिया दलित टोला में यह समस्या पहली बार नहीं हुई है। हर साल बारिश के मौसम में आहर भरते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है और पूरा टोला कुछ समय के लिए ‘टापू’ में तब्दील हो जाता है। बारिश थमने और पानी उतरने के बाद ही ग्रामीणों को राहत मिलती है।मुखिया चमेली देवी सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने सड़क को ऊंचा कराने, पानी की निकासी के लिए पक्का इंतजाम करने अथवा वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में टोले का संपर्क बाकी इलाके से नहीं कटे। इधर जानकारी मिलने के बाद हंटरगंज अंचलाधिकारी रितिक कुमार और चेयरमैन ममता कुमारी गांव पहुंचे। दोनों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या सुनी और जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से आश्वासन को जल्द जमीन पर उतारने की मांग की है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *