Skip to main content

Birsa Times

बीएमपी 9 जमालपुर की महिला सिपाही अवंतिका का मोबाइल उगलेगा संदिग्ध मौत का राज

बीएमपी 9 जमालपुर की महिला सिपाही अवंतिका का मोबाइल उगलेगा संदिग्ध मौत का राज

-मौत से पहले महिला सिपाही ने आखिर क्यों बनाया 3 मिनट का वीडियो ?
-महिला बैरक में व्याप्त कुव्यवस्था पर सवाल
-महिला बैरक में महिला वार्डन की तैनाती नहीं होना, सवालों को दे रहा जन्म
रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर :
बीएमपी 9 जमालपुर में प्रशिक्षु ट्रांसजेंडर महिला सिपाही अवंतिका की संदिग्ध मौत का सस्पेंस अब भी बरकरार है। यूं कहें कि प्रशिक्षु महिला सिपाही अवंतिका की संदिग्ध मौत का प्रकरण रहस्य और सस्पेंस से भरा हुआ हैं।महिला सिपाही की संदिग्ध मौत को लेकर बीएमपी के पदाधिकारी मुंह खोलने को तैयार नहीं हैं। आईजी द्वारा धटना की जांच किए जाने के बाद सबकी निगाहें अब महिला कांस्टेबल अवंतिका के बरामद मोबाइल पर टिका हुआ है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि मृतका महिला सिपाही के मोबाइल से संदिग्ध मौत पर से पर्दा उठ सकता है। पुलिस बरामद मोबाइल का सीडीआर (कॉल डिटेल) निकालने में जुटी है। साथ ही मौत से पूर्व महिला सिपाही अवंतिका का 03 मिनट के वीडियो को पुलिस अपना जांच का अहम सुराग मान रही है। बीएमपी 9 में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला ट्रांसजेंडर सिपाही द्वारा कथित रूप से रविवार की रात्रि महिला बैरक के बाहर रात्रि में हंगामा किया जाना तथा महिला बैरक में नहीं जाने के लिए अडिग रहना , कई सवालों को जन्म दे रहा है। सूत्रों की माने तो बीएमपी 09 जमालपुर के महिला बैरक में कुव्यवस्था का आलम है। बैरक में महिला सिपाहियों के लिए शौचालय, स्नान घर सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। बैरक भी जर्जर अवस्था में है। जिस कारण प्रशिक्षु महिला सिपाहियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैरक में कथित रूप से असुरक्षा और कुव्यवस्था से प्रशिक्षु महिला सिपाहियों में नाराजगी का भाव धटना के बाद देखने को मिला। सूत्रों से पता चला है कि इन्हीं सब प्रमुख मुद्दों को लेकर प्रशिक्षु महिला सिपाहियों ने रविवार की रात्रि हंगामा किया था। कमांडेंट के समझाने बुझाने और आश्वासन के बाद बैरक में रह रही प्रशिक्षु महिला सिपाही बैरक लौटी थी। इस प्रकरण में सबसे बड़ा अहम सवाल जो उठ रहा है, वह यह की आखिर महिला बैरक में महिला वार्डन की तैनाती आखिर क्यों नहीं की गई थी? क्या महिला बैरक में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ हैं या नहीं? जांच कर रही पुलिस तथा बीएमपी के अधिकारी महिला सिपाही अवंतिका द्वारा मौत से पूर्व 03 मिनट के बनाए गए वीडियो तथा एक पत्र के आधार पर घटना को कथित रूप से सुसाइड मान रहे हैं। पुलिस सूत्रों की माने तो वीडियो में सामाजिक पताङना से तंग आकर अवंतिका ने यह कदम उठाया। सवाल जो जमालपुर की फिजाओं में तैर रही, उसके मुताबिक महिला सिपाही अवंतिका ने किन चीजों के सहारे सुसाइड की ? क्या महिला सिपाही ने जहरीला पदार्थ का सेवन किया था? अगर हां, तो महिला सिपाही के मुंह और नाक से झाग निकलना चाहिए था। लेकिन ऐसा कुछ भी दिखाई या कही सुनी नहीं जा रही हैं। महिला कांस्टेबल ने फंदे से लटक कर भी सूसाइड नहीं किया। क्या महिला सिपाही के गले में या शरीर के अन्य भाग में चोट के निशान थे? अगर नहीं तो फिर महिला सिपाही अवंतिका की संदिग्ध मौत कैसे हुई? जोकि जांच का विषय है। महिला सिपाही की संदिग्ध परिस्थिति में मौत को लेकर एक अन्य अहम सवाल जो उठ रहे हैं, वह यह है कि महिला सिपाही अवंतिका की तबीयत जब खराब थी, तो उसे बैरक में अकेला आखिर क्यों छोड़ा गया? बैरक में महिला वार्डन की तैनाती नहीं रहने की स्थिति में अवंतिका की देखभाल के लिए उसके साथी किसी पर प्रशिक्षु महिला सिपाही को क्यों नहीं लगाया गया ? तबीयत खराब रहने के बावजूद अवंतिका को बैरक में अकेला छोड़ना कहां तक जायज है ? अवंतिका बैरक की बाथरूम में गिरी मिली। अस्पताल ले जाने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था । आखिर अवंतिका ने सुसाइड किया तो किन चीजों के सहारे उसने अपनी जीवन लीला समाप्त की? इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही संभव है। फिलहाल, बीएमपी 09 जमालपुर में प्रशिक्षु ट्रांसजेंडर महिला सिपाही की संदिग्ध परिस्थिति में मौत को लेकर जमालपुर और मुंगेर की फिजाओं में कई सवाल तैर रहे हैं। इधर, इस संबंध में जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता पूर्वक जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा मोबाइल का कॉल डिटेल प्राप्त होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *