बालूमाथ। बालूमाथ चंदवा मुख्य मार्ग एनएच 22 पर सोपारम मोड़ के समीप मंगलवार की शाम स्कार्पियो वाहन और बाइक के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान बालूमाथ बेसिक स्कूल मोहल्ला निवासी अमीत भुइयां एवं चतरा जिले के मिसरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलियाडीह निवासी सुभाष साव के रूप में हुई है।घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस के सहयोग से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बालूमाथ पहुंचाया। जहां चिकित्सक दीपक कुमार ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो वाहन को मकईयाटांड़ पुलिस पिकेट में पकड़ लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।


