आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा
बरहरवा (साहेबगंज): आरपीएफ (RPF) और सीआईबी (CIB) मालदा की संयुक्त टीम ने बरहरवा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 13415 पटना एक्सप्रेस में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। तस्करों ने बियर की यह खेप पुलिस से बचाने के लिए बेहद शातिराना अंदाज में केले के बोरों और सेब के कार्टन में छिपाकर रखी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 अगस्त को CIB मालदा के एसआई नंदन कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल नूपुर बरन मिद्या तथा आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान और ड्यूटी प्लेटफॉर्म स्टाफ हेड कांस्टेबल पिनाकी सरकार की संयुक्त टीम द्वारा बरहरवा स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था।
जांच के दौरान ट्रेन संख्या 13415 (पटना एक्सप्रेस) के पिछले हिस्से में लगे द्वितीय अंतिम जनरल (GS) कोच संख्या ER-132454 के वेस्टिब्यूल के पास संदिग्ध अवस्था में 06 प्लास्टिक बोरे और ‘कश्मीर एप्पल’ लिखे 02 गत्ते के कार्टन मिले। संदेह होने पर जब आरपीएफ अधिकारियों ने बोरों को खोला, तो ऊपर से भरे केलों के बीच छिपाकर रखी गई ‘हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रांग बियर’ (Haywards 5000 Premium Strong Beer) की खेप देखकर दंग रह गए।
टीम ने मौके से 500 मिलीलीटर वाले कुल 230 बियर कैन बरामद किए। बोगी में सफर कर रहे यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी इस सामान पर अपना दावा प्रस्तुत नहीं किया। इसके बाद आरपीएफ टीम ने पूरी बियर को बरहरवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर उतारकर लावारिस के रूप में जब्त कर लिया।
जब्त शराब का ब्योरा:
कुल बरामद बियर: 230 कैन (500 ml प्रत्येक)
कुल मात्रा: 115 लीटर (1,15,000 ml)
अनुमानित मूल्य: ₹25,300/-
आरपीएफ अधिकारियों ने जब्ती सूची तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग साहेबगंज के इंस्पेक्टर को सूचित कर दिया है। रेलवे पुलिस ट्रेन के जरिए शराब की तस्करी करने वाले गिरोह का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रही है।
