राजमहल थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने झंमझामिया काली मंदिर के समीप राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और मुआवजा समेत अन्य मांगों को लेकर करीब एक घंटे तक सड़क जाम रखा। सड़क जाम होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
बताया जाता है कि सोमवार रात नया बस्ती कठपुल के समीप हुई सड़क दुर्घटना में तुतीपुर निवासी महावीर उरांव की मौत हो गई थी। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग झंमझामिया काली मंदिर के समीप मुख्य सड़क पर पहुंचे और टायर जलाकर विरोध जताते हुए आवागमन बाधित कर दिया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सड़क जाम की सूचना मिलते ही राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, एसआई ओम प्रकाश चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं तथा जाम हटाने का प्रयास किया। इस दौरान थाना प्रभारी ने मृतक के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इधर, महासिंहपुर पंचायत के मुखिया सुखवां उरांव भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों व मृतक के परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों के समझाने-बुझाने तथा सहयोग के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब एक घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कर दिया। जाम हटने के बाद राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका।
बाइक बरामद, मालिक की पहचान में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी के अनुसार दुर्घटना में शामिल बाइक को पुलिस ने बरामद कर लिया है। अब बाइक के मालिक की पहचान की जा रही है। बाइक मालिक की पहचान होने के बाद दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारी की जांच करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवक की मौत के बाद ग्रामीणों द्वारा किए गए सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन से घटना को लेकर क्षेत्र में व्याप्त आक्रोश का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। बाइक मालिक की पहचान और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
