दिल्ली से दुर्गा पूजा मनाने घर आया था मजदूर, दो साल पहले हुई थी शादी; पीछे छूटी छोटी बच्ची
गिरिडीह। जिले के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह करीब चार बजे हुए सड़क हादसे में तुलाडीह निवासी सुनील कुमार ठाकुर की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी गोलू शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना बाइक और तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से हुई। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है।
बाइक को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
सूत्रों के अनुसार, रविवार तड़के सुनील कुमार ठाकुर अपने साथी गोलू शर्मा के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान बिशनपुर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सुनील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोलू शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया।
दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था सुनील
सुनील कुमार ठाकुर दिल्ली में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। करीब दो साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसकी एक छोटी बच्ची भी है।
सुनील दुर्गा पूजा मनाने के लिए दिल्ली से अपने गांव आया था। परिवार को उम्मीद थी कि त्योहार के मौके पर सभी साथ मिलकर खुशियां मनाएंगे, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सुनील अपने साथी गोलू शर्मा के साथ गिरिडीह में एक दोस्त के यहां आया था। रविवार सुबह करीब चार बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मुआवजे और ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक को जल्द गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की।
हादसे के बाद सुनील के परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परिवार को अब प्रशासन से सहायता और न्याय की उम्मीद है।
