संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। हेरहंज प्रखंड के सरधावार गांव में रविवार देर रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने ग्रामीण भुनेश्वर लोहरा के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा घर में रखा अनाज और घरबारी में लगी मक्के की फसल को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन हाथी को देख वे किसी तरह घर से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर भाग गए,जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।पीड़ित परिवार ने बताया कि हाथी ने पहले घर की दीवार और अन्य हिस्सों को तोड़ा, फिर घर में रखा खाद्यान्न खा लिया। इसके बाद घरबारी में लगी मक्के की फसल को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद परिवार दहशत में है।ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में जंगली हाथियों का लगातार आवागमन बना हुआ है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने तथा हाथियों के आतंक से ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। विभागीय स्तर पर क्षति का आकलन कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
सरधावार गांव में जंगली हाथियों का उत्पात, घर क्षतिग्रस्त
