-दूधमुंह बच्चों से लेकर राहगीरों की जान जोखिम में, दुलुमपुर में अनियंत्रित होकर खेत में गिरी अनधिकृत गाड़ी
अजय कुमार कुशवाहा ब्यूरो आदिवासी एक्सप्रेस
बरहरवा (साहिबगंज):बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहरवा-पाकुड़ मुख्य मार्ग स्थित दुलुमपुर के पास रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। अवैध रूप से संचालित एक बांस लदे जुगाड़ गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरी और पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक का नियंत्रण उस पर से हट गया, जिससे यह दुर्घटना घटी। हादसे में गाड़ी चला रहे युवक को हल्की चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि घटना के समय आसपास कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे कोई बड़ी हताहत या जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
प्रशासन की सख्ती के बावजूद सड़कों पर दौड़ रहे ‘मौत के सामान
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा समय-समय पर अवैध और अनधिकृत वाहनों पर कार्रवाई की जाती रही है। इसके बावजूद सड़कों पर बेधड़क दौड़ती ये जुगाड़ गाड़ियाँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बिना किसी सुरक्षा मानकों और फिटनेस के चलने वाली इन गाड़ियों से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों की मांग:
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बरहरवा-पाकुड़ मुख्य मार्ग समेत अन्य प्रमुख सड़कों पर जुगाड़ गाड़ियों के परिचालन पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया जाए और सघन चेकिंग अभियान चलाकर इनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
