आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : हंटरगंज थाना क्षेत्र के केंदली गांव स्थित नीलजन नदी से एक लावारिस मोटरसाइकिल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय युवकों की सतर्कता और जिम्मेदारी के चलते बाइक को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब पुलिस बाइक के असली मालिक की तलाश में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, केंदली गांव निवासी आदित्य कुमार, गोलू कुमार और विकास कुमार नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी में पड़ी एक मोटरसाइकिल पर गई।युवकों ने काफी मशक्कत के बाद बाइक को नदी से बाहर निकाला और आसपास के लोगों से उसके मालिक की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। ग्रामीणों ने तत्काल हंटरगंज थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद युवकों ने स्वयं बाइक को हंटरगंज थाना पहुंचाकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बाइक को जब्त कर उसके मालिक की तलाश शुरू कर दी है।बरामद बाइक होंडा कंपनी की 125 सीसी की है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH 02 BE 9587 है। पुलिस वाहन के मालिक का पता लगाने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि बाइक नदी में कैसे पहुंची। चोरी, दुर्घटना या किसी अन्य घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।खबर लिखे जाने तक बाइक के मालिक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस बाइक के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह हंटरगंज थाना को सूचित करें।

