Skip to main content

Birsa Times

रांची के हरमू चौक पर गरजा नगर निगम का बुलडोज़र, अतिक्रमण कर बनाई गईं 20 से अधिक दुकानें ध्वस्त

रांची के हरमू चौक पर गरजा नगर निगम का बुलडोज़र, अतिक्रमण कर बनाई गईं 20 से अधिक दुकानें ध्वस्त

रांची। राजधानी में सड़कों को अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को हरमू चौक पर सड़क किनारे लगी 20 से अधिक अस्थायी दुकानों को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने विरोध प्रदर्शन भी किया।

निगम अधिकारियों ने बताया कि हरमू चौक, रातु रोड, अरगोड़ा और बिरसा चौक को जोड़ने वाला मार्ग शहर का सबसे व्यस्त रास्ता है। इस मार्ग पर वीआईपी मूवमेंट के साथ-साथ आम लोगों की भी लगातार आवाजाही होती है। सड़क किनारे अस्थायी दुकानें होने से यातायात बुरी तरह प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी समस्या के निदान के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है।

प्रभावित दुकानदारों ने निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि वे पिछले करीब एक दशक से यहां दुकान लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। उनकी दुकानें हटाए जाने पर उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने सरकार और निगम से वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग उठाई है।

निगम अधिकारियों के मुताबिक सड़क किनारे अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को पूर्व में ही नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए जा चुके थे। नोटिस का पालन नहीं होने पर निगम को मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *