संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ प्रखंड में स्कूली छात्राओं के बीच वितरित की जा रही साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा है। जिला परिषद लातेहार की उपाध्यक्ष अनिता देवी ने साइकिलों की गुणवत्ता और वितरण प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उपायुक्त संदीप कुमार से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।अनिता देवी ने बताया कि छात्राओं को वितरित की जा रही कई साइकिलें कथित रूप से अनफिट अवस्था में हैं। उनका आरोप है कि साइकिल प्राप्त करने के तुरंत बाद छात्राओं को मरम्मत और सर्विसिंग के लिए पंचर एवं साइकिल दुकानों का रुख करना पड़ रहा है।शिकायतों के अनुसार, कुछ साइकिलों के पहियों में हवा नहीं टिक रही है,जबकि कुछ के ब्रेक सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। इससे छात्राओं और उनके अभिभावकों को अतिरिक्त परेशानी और आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा है।इस संबंध में अनिता देवी ने पहले प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव से बात की।बीडीओ ने बताया कि साइकिल वितरण कल्याण विभाग से संबंधित मामला है। इसके बाद उन्होंने सीधे उपायुक्त संदीप कुमार से फोन पर बातचीत कर पूरी स्थिति से अवगत कराया।उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है।अनिता देवी ने कहा कि छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित योजना में गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने दोषी पाए जाने वाले आपूर्तिकर्ताओं और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
अनफिट साइकिल वितरण पर जिला परिषद उपाध्यक्ष ने उठाए सवाल, उपायुक्त से जांच की मांग
