Skip to main content

Birsa Times

3 किमी पैदल चलकर गांव पहुंचे बीडीओ, स्वच्छता अभियान में हटवाए 40–50 मवेशियों के खूंटे; सावन में मंदिर निर्माण पर बनी सहमति

3 किमी पैदल चलकर गांव पहुंचे बीडीओ, स्वच्छता अभियान में हटवाए 40–50 मवेशियों के खूंटे; सावन में मंदिर निर्माण पर बनी सहमति

आदिवासी एक्सप्रेस/लवकुश पांडेय
बरडीहा (गढ़वा)।
प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने मंगलवार को सलगा पंचायत के लालगड़ा गांव में स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर ग्रामीणों के बीच एक नई मिसाल पेश की।वह सुबह अपने आवास से करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंचे और सड़क पर फैली गंदगी,कीचड़ तथा अतिक्रमण का औचक निरीक्षण किया।बीडीओ के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे मवेशियों को बांधने,खूंटे गाड़ने और नाद रखने के कारण रास्ता संकरा हो गया है,जिससे आवागमन में काफी कठिनाई होती है।समस्या की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ स्वयं ग्रामीणों के साथ अभियान में शामिल हो गए।घर-घर जाकर सड़क किनारे लगे करीब 40 से 50 मवेशियों के खूंटे और नाद हटवाए गए,वहीं पूरे मार्ग की साफ-सफाई भी कराई गई।करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद सड़क पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ दिखाई दी।अभियान के दौरान बीडीओ ने गांव के जर्जर विद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया तथा विद्यालय के सामने स्थित सार्वजनिक स्थल की सफाई कराने का निर्देश संबंधित कर्मियों को दिया।इस दौरान गांव में मंदिर निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई।जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश ने आवश्यकता पड़ने पर मंदिर निर्माण के लिए अपनी निजी भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की।वहीं ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से आगामी सावन माह में मंदिर निर्माण का शिलान्यास करने पर सहमति जताई।निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल,सड़क एवं अन्य स्थानीय समस्याएं भी बीडीओ के समक्ष रखीं।इस पर बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रशासन गांव के विकास,स्वच्छता और जनसुविधाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील भी की।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *