संवाददाता
टंडवा:चतरा। एनटीपीसी के चट्टी बरियातू कोल माइंस से कटकमसांडी रेलवे साइडिंग तक कोयला ढोने वाले हायवा वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को सेरंगदाग में एक तेज रफ्तार हायवा ने भाजपा मिसरौल मंडल उपाध्यक्ष शिव प्रसाद गुप्ता की कार और टेकन साहू के घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों को भारी नुकसान हुआ। राहत की बात यह रही कि शिव प्रसाद गुप्ता इस हादसे में बाल-बाल बच गए।स्थानीय लोगों का कहना है कि चट्टी बरियातू खनन क्षेत्र से कटकमसांडी तक चलने वाले इन हायवा वाहनों की मनमानी कोई नई बात नहीं है। जब से इस मार्ग पर कोयला परिवहन शुरू हुआ है, तब से टंडवा, सिमरिया, चतरा और गिद्धौर मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं और अव्यवस्था की शिकायतें सामने आती रही हैं।
इस घटना के बाद जिला प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों का कहना है कि कोयला उत्पादन और गंतव्य दोनों हजारीबाग जिले में होने के बावजूद परिवहन के लिए चतरा जिले के रास्ते का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे यहां के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वहीं, कोयला परिवहन से होने वाले राजस्व का लाभ हजारीबाग जिले को मिल रहा है, जबकि चतरा जिले के टंडवा-सिमरिया-गिद्धौर क्षेत्र के लोग सड़क दुर्घटनाओं, प्रदूषण और जर्जर सड़कों की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क मरम्मत और सुरक्षा उपायों की अनदेखी पर भी नाराजगी जताई है।
सिमरिया विधायक उज्जवल दास के प्रतिनिधि गोविंद तिवारी ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए प्रशासन से इस रूट पर कोयला परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लगातार हादसों का सामना कर रहे हैं, जबकि इसका लाभ दूसरे जिले को मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
