कृष्णा गोस्वामी
मधुपुर (देवघर): मधुपुर प्रखंड के पहाड़पुर गांव की रहने वाली राखी देवी आज मेहनत, लगन और आत्मनिर्भरता की जीती-जागती मिसाल बन गई हैं। कभी बंजर पड़ी जमीन को उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से उपजाऊ बनाकर उसमें स्ट्रॉबेरी और विभिन्न प्रकार की सब्जियों की सफल खेती शुरू की।
राखी देवी ने न केवल स्ट्रॉबेरी की खेती में सफलता हासिल की, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी स्वरोजगार का एक नया रास्ता खोल दिया है। उनके इस प्रयास से गांव की कई महिलाएं प्रेरित होकर आधुनिक खेती की ओर कदम बढ़ा रही हैं।
हालांकि इस वर्ष असमय बारिश और कीटों के प्रकोप से उनकी फसल को नुकसान पहुंचा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। चुनौतियों के बावजूद उनका आत्मविश्वास बरकरार है और वे लगातार अपने काम में जुटी हुई हैं।
राखी देवी का कहना है कि यदि उन्हें सरकार से उचित सहयोग और संसाधन मिलें, तो इस क्षेत्र में कृषि के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
राखी देवी की यह कहानी न सिर्फ संघर्ष की है, बल्कि यह दिखाती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से किसी भी मुश्किल को पार कर सफलता हासिल की जा सकती है।
