Birsa Times

इटखोरी के शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोरी गई अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति हुई बरामद एक हुआ गिरफ्तार

इटखोरी के शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोरी गई अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति हुई बरामद एक हुआ गिरफ्तार

आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास

इटखोरी (चतरा) : पोस्ट ऑफिस के नजदीक शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोरी हुई करीब 100 वर्ष पुरानी अष्टधातु की 24 तीर्थंकर प्रतिमा की चोरी मामले का पुलिस ने महज दो घंटों के भीतर उद्भेदन कर लिया है। इटखोरी थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह की सटीक सूचना तंत्र और कार्य कुशलता के दम पर कार्रवाई करते हुए मामले में पुलिस ने एक चोर को गिरफ्तार करते हुए चोरी हुई पचास लाख रुपये से ऊपर की प्रतिमा को भी बरामद कर लिया है। साथ ही चोरी की घटना में प्रयुक्त चोर का हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (HR-48-5062) को भी जब्त किया है। चतरा एसपी अनिमेश नैथानी ने बताया कि विगत 20 मई को मंदिर के पुजारी इटखोरी निवासी ताराचंद जैन के आवेदन पर इटखोरी थाना में कांड दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। साथ ही घटना की गंभीरता को देखते हुए इटखोरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था। जिसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मयूरहंड थाना क्षेत्र के साले गांव निवासी आरोपी संदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उसकी निशानदेही पर चोरी की गई प्रतिमा का आकार लगभग करीब 6 इंच और वजन करीब 500 ग्राम है, जिसका अनुमानित पचास लाख रुपये का अष्टधातु से बना 24 तीर्थंकर प्रतिमा भी बरामद कर ली गई है। एसपी अनिमेश नैथानी नें कहा की गिरफ्तार चोर चेन स्मोकर और नशेड़ी है और गांजे के नशे की हालत में ही मूर्ति की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोर मूर्ति को बेचने दिल्ली के करोलबाग जाने वाला था। उन्होंने बताया कि जिले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं में शामिल अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने छापामारी टीम की सराहना करते हुए कहा कि त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के कारण चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा संभव हो सका। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। छापामारी दल में इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, एसआई दुखीराम महतो, एएसआई ओम प्रकाश यादव, आरक्षी अर्जुन कुमार व चालक रविकांत सिंह शामिल थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *