तेज रफ्तार ई-रिक्शा पलटने से महिला की मौत

राजमहल। राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य पथ पर राजमहल थाना क्षेत्र के आलमपुरा के समीप टोटो (ई-रिक्शा) पलटने से सोमवार की संध्या एक मजदूर महिला की असमय मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार भैंसमारी निवासी बसंती देवी (35) पति स्व सोंटू कदर निवासी राजमहल से मजदूरी का कार्य कर अन्य मजदूर महिलाओं के साथ टोटो में सवार होकर अपने घर भैंसमारी जा रही थी।

इसी दौरान आलमपुरा के समीप तेज रफ्तार टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में बसंती देवी का सिर सड़क से टकरा जाने के कारण गंभीर चोट लगी। टोटो में सवार अन्य लोगों को भी आंशिक रूप से चोट आई। जख्मी और लहूलुहान अवस्था में बसंती देवी को राहगीरों तथा टोटो में सवार अन्य महिलाओं के द्वारा इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

जहां चिकित्सकों ने देखते ही महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका के 3 छोटे-छोटे बच्चे हैं। 12 वर्ष, 08 वर्ष एंव 04 वर्ष के तीन पुत्रों के समक्ष अब लालन-पालन की समस्या आ पड़ी है। मृतक महिला का पति सोंटू कदर भी मजदूरी का कार्य किया करता था।

वर्ष 2020 में उसकी मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद बसंती देवी मजदूरी कर अपने पुत्रों का लालन-पालन कर रही थी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा किया और दुर्घटना स्थल पहुंचकर घटना के संदर्भ में सभी प्रकार की जानकारी ली। देर संध्या हो जाने के कारण महिला के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

Related posts

Leave a Comment