रिपोर्ट – प्रमोद कुमार सिंह
औरंगाबाद :– जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला खनन विभाग द्वारा दाउदनगर थाना क्षेत्र के केरा गांव में कार्रवाई करते हुए लगभग 5300 सीएफटी अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया गया।
जिला खनन पदाधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में खान निरीक्षक कुमार प्रत्यूष एवं राजू कुमार द्वारा दाउदनगर थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान उक्त मात्रा में बालू अवैध रूप से भंडारित पाया गया। मौके पर उपस्थित स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, किंतु भंडारित बालू के स्वामी अथवा संबंधित व्यक्तियों के संबंध में कोई प्रमाणिक जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।
प्रकरण में अज्ञात अवैध खननकर्ताओं, परिवहनकर्ताओं एवं भंडारणकर्ताओं के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई हेतु दाउदनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन दिया गया है। संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञातव्य है कि वर्तमान में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के निर्देशों के आलोक में नदियों से बालू निकासी पर प्रतिबंध प्रभावी है। इसके बावजूद अवैध रूप से बालू का खनन एवं भंडारण किया जाना पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन होने के साथ-साथ सरकारी राजस्व को भी क्षति पहुँचाता है। जिला प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध नियमित रूप से अभियान संचालित किया जा रहा है।
खान निरीक्षक कुमार प्रत्यूष ने बताया कि अवैध बालू कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
जब्त बालू की सुरक्षा एवं संरक्षण की जिम्मेदारी नियमानुसार 3सी बालू घाट के बंदोबस्तधारी रमेश कुमार भारती को सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध खनन अथवा बालू के अवैध परिवहन एवं भंडारण की सूचना संबंधित प्रशासनिक अथवा पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध कराएं, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अवैध बालू भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन की कार्रवाई, लगभग 5300 सीएफटी बालू जब्त
