आदिवासी एक्सप्रेस/ दीपक यादव
पांडू (पलामू): पांडू थाना पुलिस ने कुटमू फील्ड विवाद से जुड़े मामले में एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस के अनुसार, पांडू थाना कांड संख्या 38/26, दिनांक 10 जुलाई 2026 में दर्ज मामले के प्राथमिकी अभियुक्त शनी कुमार, पिता करमदेव राम, निवासी ग्राम कुटमू को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि कुटमू फील्ड से संबंधित विवाद के दौरान आरोपी पर अन्य लोगों के साथ मिलकर नाजायज मजमा लगाने और श्यामलाल साव पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप है। घटना के बाद पीड़ित के बयान के आधार पर पांडू थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले के अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनी कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच जारी है। वहीं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

