माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से 22 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपी मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी माधौगढ़ को दिए गए प्रार्थना पत्र में रविशंकर पुत्र श्री देवीदयाल, निवासी सुल्तानपुरा, थाना माधौगढ़ ने बताया कि उनकी 22 वर्षीय पुत्री पूनम देवी 16 जून 2026 को शाम करीब 6:30 बजे खेत से लकड़ी लेकर अपने घर सुल्तानपुरा लौट रही थी। जब वह कैलोर गांव के आगे स्थित दूध डेयरी के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल (डीएल-45 एवाई-8163) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक उसे टक्कर मार दी।
हादसे में पूनम देवी सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। वर्तमान में उसका उपचार ग्वालियर के अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
शिकायती पत्र में परिजनों ने आरोप लगाया है कि मोटरसाइकिल चालक हरविंद्र पुत्र रामसेवक, निवासी ग्राम अंडाई, थाना माधौगढ़, जनपद जालौन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने आरोपी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है।
