माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के गोपालपुरा गांव के पास स्थित पहुज नदी में नहाने के दौरान डूबे तीन युवकों के शव गुरुवार को स्थानीय गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिए गए। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के रहने वाले तीन युवक जालौन जनपद के गोपालपुरा क्षेत्र में स्थित पहुज नदी पर नहाने आए थे। नहाते समय तीनों युवक नदी के गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
सूचना पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार, एसडीएम विनय कुमार मौर्य, क्षेत्राधिकारी अंबुज सिंह यादव, तहसीलदार प्रभारी भुवनेन्द्र सिंह, कोतवाली प्रभारी अभिलाष मिश्रा, लेखपाल मसूर खान सहित अन्य राजस्व कर्मी, दमकल विभाग की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। प्रशासन की निगरानी में स्थानीय गोताखोरों द्वारा लगातार खोज अभियान चलाया गया।
काफी प्रयासों के बाद तीनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाल लिए गए। मृतकों की पहचान जगमोहन पुत्र चरण सिंह निवासी लिघौरा, जिला भिंड (मध्य प्रदेश), सुदीप पुत्र जगदीश निवासी लिघौरा, जिला भिंड (मध्य प्रदेश) तथा अवनीश पुत्र गंगा सिंह यादव निवासी अतियन का पुरवा, जिला भिंड (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
गुरुवार दोपहर लगभग 3 बजे पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए उरई भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अपने बेटों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया तथा हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहुज नदी में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नदी और जलाशयों में नहाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।
