शिकारीपाड़ा/दुमका/
आदिवासी एक्सप्रेस।
दुमका जिला अंतर्गत शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव के पास नेशनल हाईवे 114ए (NH-114A) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ स्टोन चिप्स से लदे एक बेलगाम ट्रेलर और बाइक के बीच आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बाइक पर सवार दो छात्राएं और एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी मोहलपहाड़ी क्रिश्चियन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायलों की पहचान शिकारीपाड़ा के सुंदराफलान निवासी 22 वर्षीय रवि मुर्मू, शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के ही 23 वर्षीय ठाकरान हेंब्रम और काठीकुंड निवासी 19 वर्षीय मार्शिला हांसदा के रूप में की गई है। ये सभी छात्र-छात्राएं बताए जा रहे हैं।
इस घटना से आक्रोशित बरमसिया गांव के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) बनाने की मांग को लेकर एनएच-114ए को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा एक सप्ताह के भीतर सड़क पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराने का लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।
