Birsa Times

लोहा पुल के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन युवक घायल

लोहा पुल के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन युवक घायल
आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
अजय कुमार कुशवाहा

बरहरवा, साहिबगंज मेन रोड स्थित लोहा पुल के समीप गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रवीण घोष अपने मित्र संदीप घोष के साथ सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बजाज पल्सर बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पल्सर बाइक चालक की पहचान गोरा चांदपुर निवासी मुशर्रफ शेख के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभालते हुए एंबुलेंस एवं स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।

घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बरहरवा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि घायलों को सिर, हाथ एवं शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हालांकि सभी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और असावधानी को हादसे का कारण माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से नियमित जांच अभियान चलाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *