माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ तहसील परिसर में एक कर्मचारी द्वारा कथित रूप से शराब के नशे में हंगामा करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद तहसील परिसर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
वायरल वीडियो में तहसील कर्मचारी गुलाब सिंह कुशवाहा कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह एक व्यक्ति की ओर आक्रामक तरीके से बढ़ते नजर आ रहे हैं और मारपीट करने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
जिस व्यक्ति के साथ विवाद होने की बात कही जा रही है, उसने मंगलवार शाम करीब 4 बजे अपनी आपबीती सुनाते हुए आरोप लगाया कि कर्मचारी द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और उसके साथ मारपीट करने की कोशिश की गई। आरोप यह भी है कि तहसील में कार्यरत एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी अनिल कुमार के साथ भी गाली-गलौज की गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने सरकारी कार्यालयों में अनुशासन बनाए रखने की मांग उठाई है। वहीं मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सरकारी कर्मचारी आचरण नियमों का उल्लंघन माना जा सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अब देखना होगा कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच के बाद प्रशासन क्या कार्रवाई करता है। क्षेत्रीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
