Birsa Times

चंदावली गांव के तालाब पर अवैध अतिक्रमण का आरोप, बुजुर्ग ने लगाई न्याय की गुहार

चंदावली गांव के तालाब पर अवैध अतिक्रमण का आरोप, बुजुर्ग ने लगाई न्याय की गुहार

माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के ग्राम चंदावली में स्थित सार्वजनिक तालाब पर अवैध अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। गांव के निवासी सुरेंद्र सिंह परिहार ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा तालाब की भूमि पर कब्जा कर लिया गया है, जिसके कारण तालाब का अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त होता जा रहा है।

सुरेंद्र सिंह परिहार ने मंगलवार शाम करीब 5 बजे अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि तालाब पर कब्जा होने से गांव में जल संरक्षण की व्यवस्था प्रभावित हो रही है और पशु-पक्षियों को भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार पहले यह तालाब क्षेत्र के पशुओं, पक्षियों एवं आसपास के लोगों के लिए पानी का प्रमुख स्रोत था, लेकिन अतिक्रमण के चलते इसका स्वरूप लगातार सिकुड़ता जा रहा है। गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
बुजुर्ग सुरेंद्र सिंह परिहार ने प्रशासन से मांग की है कि तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा तालाब का पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाए, जिससे गांव में जल संरक्षण को बढ़ावा मिले और पशु-पक्षियों को पानी उपलब्ध हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो गांव की यह महत्वपूर्ण जलस्रोत भूमि पूरी तरह समाप्त हो सकती है। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *