Birsa Times

उंटारी रोड प्रखंड में खरीद घोटाले के आरोपो से मचा हड़कंप ,जिला परिषद प्रत्याशी ने डीसी और डीडीसी से मांगी जांच

उंटारी रोड प्रखंड में खरीद घोटाले के आरोपो से मचा हड़कंप ,जिला परिषद प्रत्याशी ने डीसी और डीडीसी से मांगी जांच

आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता/मोहम्मद शमीम

उंटारी रोड,पलामू। जिले के उंटारी रोड प्रखंड में वर्ष 2025 के दौरान कार्यालय सामग्रियों की खरीद में कथित अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जिला परिषद प्रत्याशी अजय कुमार गुप्ता ने पलामू उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त को आवेदन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। डीसी एवं डीडीसी को दिए आवेदन में अजय कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया है कि मार्च 2025 में प्रखंड कार्यालय में विभिन्न सामग्रियों की खरीद के नाम पर सरकारी राशि की बड़े पैमाने पर निकासी की गई। उन्होंने दावा किया है कि कई वस्तुओं की खरीद वास्तविक कीमत से कई गुना अधिक राशि दिखाकर की गई, जबकि कुछ सामान केवल कागजों पर खरीदे जाने का उल्लेख है और उनका भौतिक अस्तित्व कार्यालय में नहीं है। आवेदन में एलईडी टीवी, प्रिंटर, खिड़कियां समेत अन्य सामग्रियों की खरीद में अनियमितता का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा है कि उपलब्ध दस्तावेजों और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कराई जाए। अजय कुमार गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रखंड कार्यालय में बिचौलियों का जमावड़ा लगा रहता है तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उन्होंने आवास योजनाओं में पात्र लाभुकों की अनदेखी और आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को लाभ पहुंचाने का भी आरोप लगाया है। इसके अलावा आवेदन में 15वें वित्त आयोग और मनरेगा मद की राशि के उपयोग पर भी सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त को दिए गए आवेदन के आधार पर कार्रवाई की मांग की गई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *