माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ कस्बे के रामपुरा स्टैंड स्थित एक किराना दुकान में रविवार दोपहर दबंगई का मामला सामने आया, जहां एक 40 वर्षीय अधेड़ ने दुकान में घुसकर दलित मजदूर की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत माधौगढ़ कोतवाली में देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम डिकौली निवासी 18 वर्षीय उत्तम पुत्र मगनलाल रामपुरा स्टैंड स्थित पंकज गेड़ा की किराना दुकान पर नौकरी करता है और इसी से अपने परिवार की आर्थिक सहायता करता है। रविवार दोपहर करीब 12:40 बजे दुकान मालिक पंकज गेड़ा ने उत्तम को कुछ सामान देकर पास स्थित राजू सिंह की दुकान पर भेजा था। आरोप है कि वहां पहुंचते ही राजू सिंह ने उत्तम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उसे अपमानित किया।
बताया जाता है कि उत्तम बिना कोई जवाब दिए वापस अपनी दुकान पर लौट आया। आरोप है कि इसके कुछ ही देर बाद राजू सिंह उसके पीछे-पीछे किराना दुकान तक पहुंच गया और दुकान में घुसकर भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। विरोध न करने के बावजूद उसने उत्तम को जान से मारने की धमकी दी और लात-घूंसों से मारपीट कर उसे जमीन पर गिरा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट के दौरान दुकान मालिक पंकज गेड़ा मौके पर मौजूद रहा, लेकिन उसने अपने दलित मजदूर को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जो अब पुलिस जांच का महत्वपूर्ण आधार बन सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी राजू सिंह दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है और वह माधौगढ़ बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय पर कथित रूप से कब्जा कर बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री करता है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
