Birsa Times

आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: ट्रेन से लाखों के मोबाइल फोन के साथ दो युवक दबोचे गए

आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: ट्रेन से लाखों के मोबाइल फोन के साथ दो युवक दबोचे गए

आदिवासी एक्सप्रेस जिला ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा, प्रिंस मिश्रा

बरहरवा
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बरहरवा ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वनांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच से भारी मात्रा में संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरपीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर दो युवकों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से कुल 174 पुराने एवं प्रयुक्त एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 58.95 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 13403 अप वनांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच में दो व्यक्ति बड़ी संख्या में संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया।
दल में आरपीएफ सिपाही अनिल कुमार साह, सीपीडीएस टीम के सिपाही विनय कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षी योगेन्द्र मांझी तथा सिपाही नितीश कुमार शामिल थे। टीम ने गुमानी रेलवे स्टेशन से बरहरवा रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान जनरल कोच संख्या ER-104464 में दो संदिग्ध व्यक्ति पिट्ठू बैग के साथ बैठे पाए गए। आरपीएफ टीम को देखते ही दोनों युवक चलती ट्रेन से उतरकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सुरक्षा बल के जवानों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान मोहम्मद नासरुद्दीन शेख (28 वर्ष) एवं मोहम्मद रहमत शेख (23 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
बरहरवा रेलवे स्टेशन पर दोनों के बैगों की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोहम्मद नासरुद्दीन शेख के कब्जे से 85 तथा मोहम्मद रहमत शेख के कब्जे से 89 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 174 पुराने एवं प्रयुक्त एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार बरामद मोबाइल फोनों का अनुमानित बाजार मूल्य 58 लाख 95 हजार 878 रुपये आंका गया है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी मोबाइल फोनों की खरीद, स्वामित्व अथवा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। साथ ही वे मोबाइल फोनों के संबंध में संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाए।
इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के प्रावधानों के तहत सभी मोबाइल फोनों को विधिवत जब्त कर जप्ती सूची तैयार की गई। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों आरोपियों एवं बरामद मोबाइल फोनों को रेल थाना बरहरवा के सुपुर्द कर दिया गया है।
आरपीएफ की इस कार्रवाई को रेल सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद मोबाइल फोन चोरी के हैं या किसी अन्य अवैध गतिविधि से जुड़े हुए हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *