जालौन। कुठौंद थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब यमुना नदी में एक युवती का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुठौंद थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे स्थानीय लोगों ने यमुना नदी में एक युवती का शव देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस द्वारा शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की सूचनाओं का भी मिलान कर रही है ताकि युवती की पहचान हो सके।
फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। वहीं शव मिलने की घटना से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
कुठौंद थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और युवती की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।
