Birsa Times

प्रेम विवाह के बाद तहसील परिसर के बाहर हंगामा, दो महिलाओं में मारपीट का वीडियो वायरलमाधौगढ़ (जालौन)।

प्रेम विवाह के बाद तहसील परिसर के बाहर हंगामा, दो महिलाओं में मारपीट का वीडियो वायरलमाधौगढ़ (जालौन)।

माधौगढ़ तहसील क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब प्रेम विवाह करने वाली युवती के बयान दर्ज कराने के दौरान दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंटौली गांव निवासी एक युवती ने अपनी इच्छा से जालौन निवासी युवक के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। बताया जाता है कि दोनों ने कोर्ट मैरिज करने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करने हेतु माधौगढ़ तहसील पहुंचकर बयान दर्ज कराने की तैयारी की थी।

इसी दौरान युवती की मां भी अपनी बेटी से मिलने तहसील पहुंच गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती की मां और युवक पक्ष की महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में गाली-गलौज तथा हाथापाई होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
घटना के दौरान तहसील परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। बताया जाता है कि युवक पक्ष की ओर से मौजूद कुछ अधिवक्ताओं ने विवाह से संबंधित दस्तावेज दिखाते हुए अपना पक्ष रखा, जबकि दूसरे पक्ष के लोग भी अपनी बात रखने लगे। इससे मौके पर बहस का माहौल और गर्म हो गया।
सूचना मिलने पर माधौगढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिलाष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित किया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद मामला शांत कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान करीब एक सैकड़ा लोग मौके पर एकत्र हो गए थे, जिससे तहसील परिसर के आसपास अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई थी। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *